उज्जैन. महाकाल मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब प्रतिदिन दो घंटे में करीब 1500 भक्तों को दर्शन करवाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए भक्तों को पहले बुकिंग करवानी होगी। यह बुकिंग सात दिन पूर्व से हो सकेगी। पहले दो दिन पूर्व तक ही बुकिंग हो सकती थी। वहीं अगर निर्धारित दो घंटे के स्लॉट में 1500 भक्तों की प्री-बुकिंग नहीं होती है। तो ऐसे भक्त जो बिना बुकिंग के पहुंच गए है। उन्हे दर्शन करवाए जाएंगे। यह दर्शन भी निशुल्क होगे। हालांकि इसके लिए भी काउंटर से टिकट मिलेगा। मंदिर प्रशासन तीन काउंटर की व्यवस्था करेगा।
भीड़ नियंत्रण करना चाहता है प्रशासन
महाकाल मंदिर प्रशासन कोरोना संक्रमण के चलते दर्शन व्यवस्था की भीड़ नियंत्रण करना चाहता है। इसके लिए मंदिर प्रशासन ने प्री-बुकिंग की व्यवस्था की। साथ ही अगर कोई व्यक्ति मौके पर पहुंचता है। तो 100 रूपए की रसीद से दर्शन कर सकता है, लेकिन इस 100 रूपए की रसीद पर विवाद हो गया। मामला तूल पकड़ा। तो मंदिर समिति ने फैसले को बदला। इधर, अभी तक दो घंटे की अवधि में करीब 1000 लोगों को दर्शन करवाए जा रहे थे। इसे भी बढ़ा कर 1500 कर दिया है।